कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास निगरानी एवं समन्वय समिति की बैठक में मौजूद सांसद राजेश वर्मा। (?
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास निगरानी एवं समन्वय समिति (दिशा) की बैठक से कई जिला स्तरीय अफसरों को नदारत देख सासंद राजेश वर्मा ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने गैरहाजिर मिले मंडी सचिव, भूमि संरक्षण अधिकारी सीतापुर व महोली, एक्सईएन जल निगम, जिला उद्यान अधिकारी एवं खनन अधिकारी को नोटिस जारी करने की कार्रवाई का निर्देश दिया।
बैठक में समाज कल्याण विभाग की पारिवारिक लाभ सहित अन्य योजनाओं में गड़बड़ी पर खुली चर्चा हुई। मौजूद जन प्रतिनिधियों ने बताया कि अमृत योजना से शहर की सूरत बदहाल हो गयी है जबकि पीएम ग्राम सडक़ योजना में खराब गुणवत्ता का कार्य कराया जा रहा है। सासंद द्वारा निर्देश दिया कि सभी विभागाध्यक्ष शासन द्वारा संचालित योजनाओं का पूूर्ण लाभ जनता को समय से पहुंचाए। चेताया गया कि किसी भी योजना में गड़बड़ी का प्रयास करने वालों या लापरवाही करने वालों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बैंकों के माध्यम से संचालित लाभार्थी परक योजनाओं के लंबित प्रकरणों पर भी नाराजगी जताते हुए इसके शीघ्र निस्तारण को बैंक अफसरों के साथ बैठक बुलाने का निर्देश दिया। अमृत योजना में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखते हुए सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता पर कराने और कौशल विकास के तहत संचालित प्रशिक्षण केन्द्र सभी तहसीलों में खोले जाने को जरूरी कार्रवाई के लिए भी कहा।
बैठक की सह अध्यक्षता करते हुए सांसद मिश्रिख अशोक कुमार रावत ने उपनिदेशक कृषि को निर्देश दिया कि किसानों को जागरूक करने के लिए नियमित तौर से कृषि गोष्ठियों का आयोजन कर योजनाओं से संबंधित बैनर ब्लॉक, तहसील एवं बीज गोदामों पर प्रदर्शित कराया जाए। इन गोष्ठियों में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। पेंशन योजनाओं में लाभार्थियों को समय से धनराशि का भुगतान कराए जाने के भी निर्देश दिए।
नैमिषारण्य-मिश्रिख क्षेत्र में व्यापक स्तर पर स्वच्छता कराए जाने के निर्देश दिए। मौजूद डीएम ने बताया कि शासन की मंशानुरूप सभी योजनाओं और कार्यक्रमों को संचालित किया जा रहा है। बैठक में प्राप्त दिशा निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। बैठक विधायक रामकृष्ण भार्गव, सुनील वर्मा, विधायक बिसवां के प्रतिनिधि राहुल जायसवाल, सांसद मोहनलालगंज के प्रतिनिधि रामकरन, विधायक हरगांव के प्रतिनिधि, विधायक महोली के प्रतिनिधि, सदस्य विधान परिषद उमेश द्विवेदी के प्रतिनिधि, मुख्य विकास अधिकारी अक्षत वर्मा, परियोजना निदेशक एके सिंह सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।