सीतापुर। कांग्रेस के सांसद राकेश राठौर ने सोमवार को हिंदी सभा के पुस्तकालय को पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराई है। उन्होंने यह राशि सभा के समाज सेवा संघ पुस्तकालय के उच्चीकरण के लिये उदय प्रताप त्रिवेदी को सौंपी। इस मौके पर सांसद ने कहा कि उन्हाेंने अपने दिवंगत पिता सुंदर लाल राठौर की पुण्यस्मृति में यह आर्थिक सहयोग दिया है।
उन्होंने कहा कि पुस्तकालय किसी भी समाज की बौद्धिक धरोहर होते हैं। युवाओं को ज्ञान, जागरूकता और दिशा देने में पुस्तकालय की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। यह सहयोग राशि पुस्तकालय में नई पुस्तकों, संदर्भ सामग्री और संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने में मददगार साबित होगी। जिससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम पाठकों को अध्ययन में इसका सीधा फायदा मिलेगा।
उन्होंने शहर के अन्य प्रबुद्ध लोगों से भी अपील की कि वह जरूरतमंदों को बेहतर शिक्षा का मौका उपलब्ध कराने के लिए अपने क्षेत्र में संचालित सरकारी अथवा निजी पुस्तकालयों के लिए मददगार बने। इस अवसर पर हिंदी सभा के अध्यक्ष व अधिवक्ता आशीष मिश्र के साथ अन्य समाजसेवियों ने सांसद के इस कार्य की सराहना की।