खैराबाद (सीतापुर)। हाईवे पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला व उसकी दो साल की बेटी की मौत हो गई। महिला का भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गया। महिला मायके से भाई संग ससुराल जा रही थी। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
खैराबाद इलाके के बहूनगर गांव निवासी फूलमती (28) अपने दो साल की बेटी रूपरेखा को लेकर भाई धर्मेंद्र (24) के साथ बाइक पर सवार होकर मायके अटरिया के शिवसिंहपुर गांव से ससुराल जा रही थी। जब ये तीनों खैराबाद में हाईवे पर रफातपुर गांव के निकट पहुंचे तभी एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार फूलमती व उसकी बेटी रूपरेखा की मौत हो गई, जबकि उसका भाई धर्मेंद्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतका फूलमती का एक बेटा आदित्य है, जो अपने पिता के साथ है। खबर पाकर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बस की टक्कर से दंपती की जान गई
हरगांव (सीतापुर)। लखीमपुर-सीतापुर मार्ग पर मरखापुर के पास रविवार दोपहर एक बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार दंपती काफी दूर तक बस के साथ घिसटते चले गए। दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर अल्लीपुर थाना नीमगांव निवासी लल्लूराम (45) व उनकी पत्नी अनीता देवी (42) बाइक से हरगांव जा रहे थे। जब ये लोग खीरी जिले की ओयल पुलिस चौकी क्षेत्र में मरखापुर के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
जिसमें फंसकर वह लोग दूर तक घिसट गए। हादसे में दंपती की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। उन्हें तत्काल सीएचसी हरगांव पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। यह घटना को दोपहर 11 बजे की है। पुलिस ने बस को पकड़ लिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।