लहरपुर (सीतापुर)। एक निजी अस्पताल में बुधवार को प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। स्वास्थ्य विभाग ने जांच करने की बात कही है।
लालपुर बाजार निवासी शाहिद ने पत्नी मुस्कान (20) को नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने बुधवार को नॉर्मल डिलीवरी होने की बात कही। परिजनों को देर रात बताया गया कि हालत गंभीर है। ऑपरेशन करना होगा। 20 हजार रुपये का खर्चा आएगा। इसके बाद पत्नी को ऑपरेशन के लिए एक दूसरे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
शाहिद ने बताया कि जहां एक अप्रशिक्षित डॉक्टर ने ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के कुछ देर बाद बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर वहां से भाग गया। बच्चे की मौत के बाद मुस्कान की भी हालत खराब हो गई। इस पर अस्पताल संचालक ने लखनऊ ले जाने की सलाह दी। एंबुलेंस से लखनऊ ले जाते समय मुस्कान ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। नोडल अधिकारी निजी अस्पताल डॉ. मनोज देवमणि ने बताया कि घटना संज्ञान में है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।