सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में बृहस्पतिवार रात मोहल्ला सिविल लाइन में प्रधान डाकघर के पास विधायक पास लगी कार ने नगर पालिका कर्मी को टक्कर मार दी। शहर कोतवाल अनूप शुक्ल ने बताया कि नगर पालिका परिषद सीतापुर में तैनात अंकुल (38) को कार ने टक्कर मारी है। उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों की माने तो प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री का जिले में आगमन होना है उसी की तैयारी को लेकर अंकुल हाईवे पर लगे गमले को देखने के लिए गए थे। कार सवार लोग नशे में थे। अचानक कार ने अंकुल को टक्कर मार दी। इसमें विधायक का पास लगा हुआ था।
कार पर लखनऊ का नंबर दर्ज है। घटना को अंजाम देने के बाद कार सवार मौके से भाग गए। कर्मचारियों ने कूड़े वाली गाड़ी में बैठ कर घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उनको लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पुलिस नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालकों की पहचान कर रही है।