सीतापुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत परिवहन विभाग ने शुक्रवार को रामकोट थाने में ग्रामीण महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वालंबन के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया। इस मौके पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण ने कहा कि महिलाओं व बालिकाओं को यात्रा के दौरान कोई परेशानी न हो, इसके लिये उन्हें कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए।
हेलमेट न केवल दो पहिया चालक के लिये बल्कि पीछे बैठी सवारी के लिये भी लगाना अनिवार्य है। यात्रा के दौरान दूसरे यात्री, चालक या परिचालक महिलाओं व बालिकाओं का मजाक उड़ाते हैं, उन्हें गलत नजर से देखते हैं, या गाड़ी में अश्लील बातें करते हैं। अश्लील गाना बजाते हैं तो महिलाओं और बालिकाओं को ऐसी घटनाओं की शिकायत करनी चाहिए। उन्हें चुप नहीं रहना चाहिए।
जरूरत पडने पर महिला सहायता, पुलिस सहायता के लिए फोन करें। रात के वक्त अकेली महिला या बालिका अकेले सुनसान जगह पर न उतरें। जहां पर यात्री स्टैंड हो और यात्री खड़े हों वहीं पर उतरें। जहां तक हो सके यात्रा के लिये निर्धारित किये गये रास्तों का प्रयोग करें। महिला सशक्तीकरण से संबंधित ऑडियो, वीडियो का प्रसारण व वाहनों पर स्टीकर, पोस्टर चिपकाये गये। इस मौके पर प्रवर्तन आरक्षी कपूर गौड़, राजीव कुमार, सुशील कुमार, आदित्य कुमार आदि मौजूद रहे।