सीतापुर। नारी सुरक्षा और सम्मान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू किए गए मिशन शक्ति का शनिवार को बड़े ही रोचक ढंग से स्थानीय जिला पंचायत कार्यालय परिसर से भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश भर में शारदीय नवरात्र से शुरू किया जा रहा मिशन शक्ति वासंतिक नवरात्र तक 13 से 22 अप्रैल तक सिलसिलेवार चलता रहेगा।
शनिवार दोपहर को जिले की नोडल अधिकारी संदीप कौर, डीएम विशाल भारद्वाज, एसपी आरपी सिंह व बिसवां विधायक महेंद्र यादव ने कार्यक्रम मिशन शक्ति का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम को लेकर प्रचार प्रसार के लिए प्रचार वाहन, एलईडी वाहन के अलावा पुलिस कर्मियों के वाहनों रवाना किया गया। इसमें पुलिस विभाग की 25 बाइकें और 25 जीपें शामिल थीं। इन वाहनों पर पुलिसकर्मी सवार थे। जिला पंचायत कार्यालय परिसर से रैली निकाली गई। मिशन शक्ति अभियान को कामयाब बनाने के लिए शुभारंभ के मौके पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए। गीतकारों ने मिशन शक्ति को लेकर प्रेरक गीत सुनाए। नुक्कड़ नाटक का मंचन, जादूगरी भी दिखाई गई।
इस मौके पर पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वाड की कार्रवाई की मॉकड्रिल का प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन महिला आरक्षियों द्वारा किया गया। इस मॉकड्रिल के जरिए बालिकाओं, युवतियों से छेड़खानी व घरेलू हिंसा पर पुलिस की कार्रवाई को बेहतर ढंग से प्रदर्शित किया गया। इस कार्यक्रम में महिला आरक्षी शिवांगी यादव, रीता राणा, प्रभा रानी, पुरुष आरक्षी अमीर चंद्र, सूरज सिंह, महिला पीआरडी मीरा व सुमन आदि ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में एडीएम संदीप कुमार, एसडीएम सदर अमित भट्ट, एएसपी एनपी सिंह, सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह, सीओ मिश्रिख एमपी सिंह सहित कई क्षेत्राधिकारी, शहर कोतवाल टीपी सिंह, इंस्पेक्टर बृजेश राय सहित भारी संख्या में पुलिस बल व अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
यह विशेष अभियान 180 दिन तक चलेगा। इसमें 23 विभाग शामिल रहेंगे। किस विभाग को कब-कब इस कार्यक्रम को किस तरह आयोजित कराना है, बाकायदा इसका चार्ट तैयार किया गया। जैसे बच्चों से संबंधित बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग को 20 से 26 नवंबर के बीच कराना है। मानव तस्करी के खिलाफ अभियान 10 से 16 दिसंबर 20 तक चलना है। इसमें पुलिस, श्रम, महिला एवं बालकल्याण विभाग संयुक्त रूप से शामिल रहेंगे। इसी तरह हर विभाग को उसके विभाग से संबंधित प्रकरणों को लेकर मिशन शक्ति कार्यक्रम में अपनी भूमिका निभानी है। जिसका पूरा चार्ट तैयार किया गया है।