शाह जलालपुर में पानी की टंकी से नहीं मिल पा रहा जल।
- फोटो : शाह जलालपुर में पानी की टंकी से नहीं मिल पा रहा जल।
सीतापुर। जिले में जल जीवन मिशन अधूरा है और राहत अटकी है। लंबे इंतजार के बाद भी ग्रामीणों को स्वच्छ जल नहीं मिल पाया है। बिसवां ब्लॉक की कई ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन के प्रोजेक्ट अधर में अटके हैं। वहीं, जहां पर काम पूरा कर लिया गया है, वहां भी पानी की आपूर्ति नहीं शुरू हो सकी है।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल योजना शुरू होने से ग्रामीणों में बिना किसी मेहनत के घर बैठे स्वच्छ पानी मिलने की आस जगी थी। यह उम्मीद समय के साथ योजना की बदहाली के चलते टूटती जा रही है। जिम्मेदारों की अनदेखी से योजना के तहत गांवों में घर-घर शुद्ध जल पहुंचाने की मंशा फिलहाल अधूरी है।
किसी गांव में लंबे अर्से से ओवरहेड टैंक का निर्माण व पाइप लाइन बिछाने का काम अटका पड़ा है तो कहीं नियमित जलापूर्ति नहीं शुरू हो पाई है। जिस ग्राम पंचायत में पानी आपूर्ति शुरू कर दी गई है, वहां भी कुछ मजरे लाभ से वंचित हैं। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। वहीं, जल निगम के अधिकारी बजट की कमी और योजना की डेडलाइन वर्ष 2028 तक बढ़ा दिए जाने का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं।