लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात एक माइनर कट गई। इससे आसपास के खेत पानी से लबालब हो गए। मंगलवार सुबह तक क्षेत्र की सौ बीघा फसल बर्बाद हो गई। सिंचाई विभाग के अधिकारी पटरी दुरुस्त कराने में लगे थे।
रवांसी के निकट से लहरपुर माइनर गुजरी है। सोमवार रात माइनर कट गई। माइनर का पानी करीब के खेतों में भर गया। सुबह जब ग्रामीण फसल देखने खेत पहुंचे तो हर तरफ पानी ही नजर आ रहा था। बहाव इस कदर तेज था कि तमाम खेतों की फसल बह रही थी।
अशोक मेहराज सिंह, मधु सिंह, इंद्रपाल सिंह ,नितिन सिंह, डिघिया के रामबख्श यादव, प्रेमलता, भैसहा के मनोज सिंह, महाराज सिंह, मोलहे, रामपाल, हरिद्वारी लाल आदि के खेतों में खड़ी सौ बीघा फसल जलमग्न हो गई थी। किसानों का कहना है कि अचानक आए पानी से सरसों, गेहूं आदि फसल को नुकसान हुआ है। जेई कुंदल ने बताया कि माइनर की एक पटरी दस फीट दूरी तक कटी थी। पटरी को दुरुस्त कराया जा रहा है।