सीतापुर। कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने बृहस्पतिवार देर रात जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। अव्यवस्थाएं मिलने पर वह नाराज हो गए। गंभीर हालत में आए मरीज को चिकित्सक ने बिना देखे रेफर कर दिया। इस पर मंत्री ने चिकित्सक से सवाल किया तो वह जवाब नहीं दे सके।
मंत्री ने करीब एक घंटे तक इमरजेंसी में बैठकर चिकित्सकों की कार्यशैली और मरीजों के प्रति व्यवहार देखा। इसी दौरान गंभीर हालत में पहुंचे मरीज का चिकित्सक ने रेफर का परचा बना दिया। मंत्री ने पूछा कि क्या मरीज को देखा है। चिकित्सक के जवाब न देने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। कहा कि केवल रेफर करने का काम न हो।
एक तीमारदार मरीज को ब्लड चढ़वाने पहुंचा तो चिकित्सक ने कुछ देर बाद आने को कहा। मंत्री ने जब ब्लड चढ़ाने का समय देखा तो दो घंटे बीत चुके थे। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रशासन को फटकार लगाई। मंत्री ने प्राइवेट लड़कों से काम कराने और मरीजों से वसूली कराने का भी आरोप लगाया।