महमूदाबाद। भिटौरा गांव के सामने बुधवार रात दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। सदरपुर के करनापुर गांव निवासी सुमित कुमार (30) चकपुरवा निवासी अपने बहनोई मनोज कुमार (32) के साथ बाइक से महमूदाबाद बस अड्डा जा रहे थे। वहां से उन्हें लखनऊ से लौट रहे बड़े भाई प्रमोद कुमार को लेकर घर जाना था। रात 11:30 बजे उनकी बाइक भिटौरा में महमूदाबाद की तरफ से आ रही एक बाइक से टकरा गई। उस बाइक पर बरदहा निवासी अतीक (35) उनके दोस्त रमद्वारी निवासी शहजाद (39) व गैसापुर निवासी मायाराम (50) सवार थे। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पांचों को सीएचसी महमूदाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मायाराम को गंभीर हालत में ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को मायाराम की मौत हो गई। इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
दो ट्रैक्टर टकराए
कुंवरगड्डी/सरैया। अटरिया-नीलगांव मार्ग पर कीरतपुर के निकट बृहस्पतिवार शाम ओवरटेक करते समय दो ट्रैक्टर टकरा गए। खैरनदेशनगर निवासी चंद्रप्रकाश लालपुर स्थित ईंट भट्ठा से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर ईंटें लादकर बाबागंज जा रहे थे। कीरतपुर के निकट एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ओवरटेक करते समय उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। चंद्रप्रकाश की ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। दूसरा चालक ट्रैक्टर समेत मौके से भाग गया। घायल चंद्रप्रकाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, महमूदाबाद में सिधौली रेलवे क्राॅसिंग पर आम से भरा ओवरलोड ऑटो पलट गया। सड़क पर आम गिरने से कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया। (संवाद)