कल्ली चौराहा। कोतवाली मिश्रित क्षेत्र के एक गांव निवासी अधेड़ की मंगलवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक अधेड़ ने कुछ वर्षों पहले धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम धर्म स्वीकार किया था।
कोतवाली क्षेत्र के कल्ली चौकी इलाके के गांव बानपुर निवासी शकील उर्फ सतनू (55) का शव मंगलवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में पंखे से लगे फंदे से लटकता मिला। शव को सतनू संग रहने वाली एक महिला नफीस जहां ने देखकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। फिलहाल किसी ने भी इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
अधेड़ के साथ रहने वाले नफीस जहां (70) ने बताया कि कई वर्षों पूर्व सतनू धर्म परिवर्तन कर शकील बन गया था। वह अविवाहित था। वह बिना विवाह के ही घर में वह नफीस जहां के साथ रहता था। बताया कि मंगलवार देर रात जब वह शौच के लिए घर से बाहर गई थी, तभी अधेड़ ने फंदे से लटक कर जान दे दी।
मृतक की दर्ज है हिस्ट्रीशीट
पुलिस के मुताबिक शकील उर्फ सतनू कई वर्षों से नफीस जहां के साथ रह रहा था। वह मिश्रिक थाने का हिस्ट्रीशीटर भी था। इस मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।