सदरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात मेंथा ऑयल की टंकी फट गई। हादसे में नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आननफानन सभी घायलों को सीएचसी महमूदाबाद लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
ग्राम बरदहा निवासी रोशन ने गांव में मेंथा ऑयल निकालने के लिए टंकी लगा रखी है। सोमवार शाम गांव के ही कौशल (30) अपनी मेंथा फसल की पेराई कर रहा था। इसी दौरान जोरदार धमाके के साथ मेंथा ऑयल की टंकी फट गई।
इससे वहां पर मौजूद कौशल, इरफान (30), रोशन का पुत्र अजमल (15), पुत्री चांद बीबी (22), पत्नी रुखसाना (50), शहजान (28), सुशील (30), राम प्रवेश (30), गजराज (60) धमाके की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। गांव के लोगों ने आननफानन एंबुलेंस बुलाई। जिसके बाद एंबुलेंस से सभी घायलों को महमूदाबाद कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां डॉक्टरों ने घायलों क्ज्ञै नाजुक हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
ग्रामीणों की मानें तो सेफरेटर में कचरा फंसने के कारण ऐसा हादसा हुआ है। गैस न निकलने की वजह से टंकी में गैस की मात्रा बढ़ती रही और बाद में धमाका हो गया।