पैथालॉजी में डिजिटल एक्सरे रूम के बाहर मरीजों को वापस करता सुरक्षा कर्मी।
- फोटो : पैथालॉजी में डिजिटल एक्सरे रूम के बाहर मरीजों को वापस करता सुरक्षा कर्मी।
सीतापुर। जिला अस्पताल में मानसिक रोगियों को दो सप्ताह से दवा नहीं मिल रही है। इससे मजबूरी में उन्हें बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है। इससे वे परेशान हैं।
जिला अस्पताल में मानसिक रोगियों को सोडियम वेलकुरेट दवा दी जाती है। यह दवा दो सप्ताह से जिला अस्पताल के स्टॉक में नहीं है। सोमवार को अस्पताल में दवा लेने आए मोहित को चिकित्सक ने परचे पर दवा लिख दी। मोहित जब दवा काउंटर पर पहुंचे तो उन्हें खाली हाथ लौट दिया गया। इसके बाद उन्होंने मेडिकल स्टोर से दवा खरीदी। इसी तरह पुराने सीतापुर के उपेंद्र को भी चिकित्सक ने यही दवा लिखी। जब काउंटर पर दवा नहीं मिली तो वह जन औषधि केंद्र पर गए। वहां पर भी निराशा हाथ लगी। इसी तरह तमाम मरीज सोमवार को दवा के लिए भटकते रहे। सीएमएस डॉ. इंदर सिंह ने बताया कि दवा की डिमांड भेजी गई है। जल्द अस्पताल में उपलब्ध हो जाएगी।
11 बजे नदारद मिले दो डॉक्टर
जिला अस्पताल के पिछले हिस्से में हृदय रोग यूनिट में ओपीडी चलती है। सुबह 11 बजे यहां पर दो फिजिशियन अनुपस्थित मिले। इनकी कुर्सियां खाली थीं। मरीज बाहर बैठकर इंतजार कर रहे थे। करीब एक घंटे तक चिकित्सक नहीं आए तो मरीजों ने इमरजेंसी पहुंचकर इलाज करवाया।