सीतापुर। जिला अस्पताल में चूहों के आतंक के मामले का अस्पताल प्रशासन ने संज्ञान लिया है। चूहों को नियंत्रित करने वाली संस्था को नोटिस जारी किया गया है। प्रत्येक 15 दिन में एक बार दवा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए हैं।
अमर उजाला ने अस्पताल से मरीजों की दवा उठा ले जा रहे चूहे शीर्षक से रविवार के अंक में खबर प्रकाशित की थी। खबर छपने के बाद जिला अस्पताल हरकत में आया। सीएमएस ने लखनऊ की पेस्ट कंट्रोल सर्विसेज को नोटिस जारी किया है। यह संस्था जिला अस्पताल में चूहों को नियंत्रित करने के लिए दवा का छिड़काव करती है।
सीएमएस डॉ. इंदर सिंह ने नोटिस जारी करते हुए कहा कि अस्पताल में चूहों के लिए पेस्ट कंट्रोल व एंटीटरमाइन दवाओं का छिड़काव किया जाता है। संस्था से कहा कि ऐसा लगता है कि दवाएं असरदार नहीं है। इसी वजह से चूहों की संख्या बढ़ गई है। संस्था को चेतावनी दी गई है कि दवाओं की गुणवत्ता बढ़ाई जाए। प्रत्येक 15 दिन में दवाओं का छिड़काव किया जाए।