सीतापुर। रामपुर मथुरा कस्बे में एक मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया है। मेडिकल स्टोर का न तो लाइसेंस था और न ही यहां पर दवाओं का रखरखाव ठीक था। मेडिकल स्टोर संचालक दवाओं की बिक्री के साथ ही इलाज भी करते हुए मिला। इस पर 1.20 लाख की दवाओं को सील करते हुए दुकान बंद करा दी गई है।
औषधि निरीक्षक नवीन कुमार ने रामपुर मथुरा तहसील महमूदाबाद में चल रहे एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। डीआई ने बताया कि इस स्टोर का संचालन अवनीश कुमार द्वारा किया जा रहा था। इस स्टोर का जब लाइसेंस मांगा तो संचालक के पास लाइसेंस नहीं था। यहां पर दवाओं का रखरखाव भी ठीक नहीं था। फ्रिज में रखने वाली दवाएं गर्म तापमान पर रखी हुई थी।
संचालक दवाओं की बिक्री के साथ ही एक मरीज को मेडिकल स्टोर पर ही ग्लूकोज चढ़ा रहा था। कई दवाओं की गुणवत्ता प्रभावित दिखाई दी। डीआई ने बताया कि इस पर 1.20 लाख की दवाओं को मौके पर ही सील कर दिया गया है। चार दवाओं के नमूने संग्रहित किए गए हैं।