लहरपुर(सीतापुर)। लहरपुर प्रीमियर लीग सीजन-2 क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को मौजी इलेवन ने मलिक गारमेंट्स को हराया। नगर के छावनी मोहल्ला स्थित कटहली ग्राउंड में चल रहे टूर्नामेंट में मौजी इलेवन और मलिक गारमेंट्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया।
टॉस जीतकर मौजी इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 2 विकेट जल्दी गिर गए। हालांकि ओपनर लल्ला ने शानदार पारी खेलते हुए महज 30 गेंदों में 5 चौके और 9 छक्कों की मदद से 77 रन बनाए।
इस दमदार बल्लेबाजी के चलते मौजी इलेवन ने 10 ओवर में 6 विकेट खोकर 112 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में मलिक गारमेंट्स की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। मौजी इलेवन के गेंदबाज आफताब और सुमित की घातक गेंदबाजी के आगे पूरी टीम 10 ओवर भी नहीं खेल पाई और 69 रनों पर ऑलआउट हो गई। पिछले सीजन की फाइनल विजेता टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। शानदार बल्लेबाजी के लिए लल्ला को मैन ऑफ द मैच चुना गया।