सीतापुर। हरगांव के शिवनगर निवासी शिक्षा यादव ने अपने ससुरालीजनों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाने में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
शिक्षा यादव ने बताया कि 22 नवंबर 2025 को उनका विवाह लखनऊ के सैरपुर थाना क्षेत्र के अहलादपुर निवासी गिरीश पाल से हुआ था। उनके पति, सास, ससुर व अन्य लोग शादी में मिले दहेज से संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि उनकी पति गिरीश पाल, ससुर ओम प्रकाश, सास निर्मला देवी, जेठ उदयवीर और जेठानी लक्ष्मी उनसे पांच लाख रुपये नकदी व फ्रिज की मांग करने लगे। पीड़िता के पिता का देहांत हो चुका है।
पीड़िता की मां यह मांग पूरी न कर सकीं। आरोप है कि 22 मार्च को उन्हें ससुरालीजनों ने पीटकर कमरे में बंद कर दिया और उन्हें जान से मारने की बात करने लगे। इस पर पीड़िता ने 1090 हेल्पलाइन नंबर डायल किया। पुलिस ने उन्हें कमरे से बाहर निकाला और उनके भाई के साथ मायके भेज दिया। पीड़िता के जेवर, कपड़े व अन्य सामान ससुराल में ही रह गए। पुलिस ने पांचों आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।