सीतापुर। शहर कोतवाली पुलिस ने फर्जी रसीद बनाकर किस्त जमा करने के नाम पर ठगी करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। बृहस्पतिवार को सीओ सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस टीम ने शहर के ऊंचाटीला तरीनपुर निवासी नितेश दीक्षित को कुछ दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने कई ग्राहकों से उनकी दो पहिया वाहन की किस्ते तथा लोन क्लियर कराने के नाम पर पांच लाख दस हजार रुपये की ठगी की थी। उसने ग्राहकों को फर्जी भुगतान की रसीद बनाकर दे दी थी। जबकि किस्तों को कंपनी में जमा ही नहीं किया गया था। मामले में केस दर्ज कर लिया गया था। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
ऑफर के नाम पर भी करता था ठगी
इंस्पेक्टर अनूप शुक्ला ने बताया कि आरोपी ने त्योहार के अवसरों पर भी ठगी की है। आरोपी ऑफर के बहाने लोगों को झांसे में लेकर बताता था कि डेढ़ लाख की बाइक सिर्फ एक लाख रुपये में मिल रही है। सीधे-साधे लोग युवक पर भरोसा कर एक लाख रुपये कैश देते थे। आरोपी कंपनी में जाकर बाइक फाइनेंस करा देता था। कुछ महीने बाद जब लोगों के पास किस्त जमा करने के लिए फोन आता था, तब उन्हें जानकारी होती थी।