रामपुर मथुरा। महमूदाबाद एसडीएम डॉ. अंजलि सिंह ने बृहस्पतिवार को बाढ़ व कटान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने संभावित बाढ़ से निपटने को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर लिए जाने के निर्देश मातहतों को दिए।
एसडीएम ने कहा कि सरयू नदी हर साल बरसात में उफनाती है। इसकी तलहटी में बसे अखरी, अंगरौरा, अटौरा, कनरखी, शुकुल पुरवा, केवड़ा व कलुवापुर सहित कई गांव बाढ़ व कटान की जद में आ जाते हैं। सैकड़ाें की संख्या में आबादी बाढ़ से प्रभावित होती है। कई लोग भूमिहीन व बेघर हो जाते हैं। हालांकि, तहसील प्रशासन प्रति वर्ष तैयारियों के मुकम्मल होने का दावा करता है। लेकिन बाढ़ व कटान से होने वाले नुकसान की रोकथाम नहीं कर पाता है।
इस आपदा से पूर्व बृहस्पतिवार को एसडीएम महमूदाबाद डॉ. अंजली सिंह ने अखरी व अंगरौरा गांव का निरीक्षण किया। एसडीएम ने समस्त कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूरी कर ली जाएं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में यदि किसी के पास राशन कार्ड, बीमा, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन आदि सुविधाएं नहीं हैं तो उन लोगों की समस्या 20 जून तक हर हाल में निपटा दी जाए। बाढ़ में प्रयुक्त होने वाली नावों कि व्यवस्था समय से पूरी कर ली जाए। इस मौके पर तहसीलदार उमा शंकर त्रिपाठी, नायब तहसीलदार राकेश कुमार पाल, राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र सिंह, लेखपाल सतीश कुमार व रवींद्र वर्मा मौजूद रहे।