सीतापुर। महमूदाबाद के प्राथमिक विद्यालय पैगंबरपुर में तैनात प्रधानाध्यापिका किस्मत द्विवेदी को शासन ने राज्य अध्यापक पुरस्कार 2024 के लिए चयनित किया है। किस्मत द्विवेदी ने बताया कि वर्ष 2009 में बतौर सहायक अध्यापक उनका चयन हुआ। वर्ष 2015 में उनकी इस स्कूल में तैनाती हुई तो इसकी दीवारें काफी जर्जर थीं। स्कूल में हर ओर कूड़े का अंबार लगा रहता था। उस समय मात्र पांच हजार रुपये ग्रांट आती थी। इसलिए अपना पैसा लगाकर स्कूल की तस्वीर बदलनी पड़ी। स्कूल में एक बड़ा कार्यक्रम करवाया। तत्कालीन महमूदाबाद नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अंबरीश गुप्ता को बुलाया। उनसे टाइलीकरण करवाया। इसके अलावा दिव्यांग बच्चों को चिन्हित कर स्कूल में लाने के लिए प्रयास किए। स्कूल के ड्रॉप आउट रेट कोे कम कराया। इसके अलावा स्कूल में पच्चीस पौधे रोपकर पांच हजार पेड़ों को लगाने के संकल्प की शुरुआत की। इस अभियान को जारी रखेंगे। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि किस्मत द्विवेदी ने खूब मन लगाकर विद्यालय में अपनी सेवाएं दीं। जो हमलोगों ने समर कैंप कराया था, उसे बेहद अच्छे से पूरा किया। दिव्यांग बच्चों पर विशेष रूप से ध्यान दिया। राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए उन्हें बधाई व शुभकामनाएं।
130 से 220 कर दी छात्र संख्या
किस्मत द्विवेदी ने बताया कि वर्ष 2015 में उन्हें ज्वाइनिंग मिली। उनके साथ एक शिक्षामित्र व तीन रसोइया तैनात थे। सबकी मदद से मिलकर 120 बच्चों की छात्रसंख्या को 220 तक पहुंचा दिया है। उनका कहना है कि वह बच्चों को एक्शन के साथ पढ़ाती हैं, जो उनकी रुचि को बढ़ाता है।