कार्यक्रम में बच्चों ने पोस्टर बनाकर किया जागरूक।
- फोटो : कार्यक्रम में बच्चों ने पोस्टर बनाकर किया जागरूक।
सीतापुर। पुलिस लाइन स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग, पाॅपुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई) और केन्वयू के संयुक्त तत्वावधान में डायरिया से डर नहीं कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने पोस्टर बनाकर जागरूकता संदेश दिया। वहीं, चिकित्सकों ने इससे बचाव के उपाय बताए। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने डायरिया संबंधी नुक्कड़ नाटक, रोल प्ले, लेख आदि माध्यम से जागरूक किया। इस दौरान पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डाॅ. दीपेंद्र वर्मा ने दस्त रोग से बचाव की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यदि बच्चे को दिन में तीन बार से अधिक पतला या पानी जैसा मल त्याग हो तो इसे डायरिया कहेंगे। डायरिया बैक्टीरिया वायरस व अमीबा तीनों से फैल सकता है। वहीं, अर्बन चिकित्सक डाॅ. शानू कुमार वर्मा ने डायरिया के रोकथाम के लिए सकारात्मक व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। कहा कि शौच व बच्चों का मल साफ करने के बाद, भोजन बनाने, खाने और बच्चों को खिलाने से पहले अपने हाथ अच्छी तरह साबुन से धोकर साफ करने चाहिए।
कहा कि खुले में शौच नहीं करना चाहिए, न ही बच्चों का मल खुले में फेंकना चाहिए। खाने का सामान ढक कर रखना चाहिए। पीने के पानी को साफ रखने के साथ पीने के पानी को निकालने के लिए डंडीदार लोटे का प्रयोग करना चाहिए। जन्म के तुरंत बाद और पहले छह महीने तक बच्चे को केवल स्तनपान करवाना चाहिए। यदि बच्चा स्तनपान करता हो तो दस्त के दौरान भी स्तनपान जारी रखना चाहिए। इस दौरान जिला स्वास्थ्य शिक्षा व सूचना अधिकारी राज कुमार ने व्यक्तिगत स्वच्छता व ओआरएस के साथ जिंक के महत्व के बारे में बताया।
इस दौरान 75 छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए। इसमें कक्षा छह के मनु को प्रथम, कक्षा सात की रिया द्वितीय व कक्षा आठ की राधिका तृतीय स्थान पर रहे। 12 बच्चों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इस दौरान एबीएसए ऋषिकेश सिंह, प्रधानाचार्य किरन मिश्रा, आरकेएसके कोऑर्डिनेटर शिवाकांत, क्षेत्रीय आशा सविता दुबे, प्रीति अवस्थी व अन्य मौजूद रहे।