झरेखापुर (सीतापुर)। क्षेत्र के एक स्कूल में खाना बनाते समय सिलिंडर में आग लग गई। इससे स्कूल में अफरातफरी मच गई। विकासखंड परसेंडी के प्राथमिक विद्यालय शाह महोली में एमडीएम बनाते समय अचानक गैस रिसाव होने से सिलिंडर में आग लग गई। आग की खबर जैसे ही अभिभावकों को पता चली, वैसे ही वे स्कूल की ओर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों व अध्यापकों ने सजगता दिखाते हुए बच्चों को सकुशल विद्यालय से बाहर निकाला। दमकल टीम को सूचना दी गई। अग्निशमन की गाड़ी ने आननफानन में आग पर काबू पा लिया। प्रधानाचार्य स्मृति ने बताया कि आग से नुकसान नहीं हुआ है। गैस रिसाव से सिलिंडर में आग लग गई थी।