सीतापुर। रिजर्व पुलिस लाइन से नैपालापुर तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य का बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य में गिट्टी व सीमेंट का अनुपात मानक से कम मिलने पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई।
मौके पर मौजूद निर्माण खंड की अधिशासी अभियंता रीमा सोनकर से जब इस गड़बड़ी के संबंध में पूछा गया तो वह डीएम के सवालों का जवाब नहीं दे सकीं। डीएम ने चेताया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री का प्रयोग बर्दाश्त नहीं होगा।
इसके बाद डीएम ने करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर स्वयं सेतु और सड़क मार्ग का निरीक्षण कर तकनीकी अधिकारियों से डिजाइन, प्रगति व सुरक्षा मानकों की जानकारी ली। सौंदर्यीकरण को लेकर उन्होंने क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत कराने और उनमें पौधरोपण करने के निर्देश दिए।