बिसवां (सीतापुर)। बदमाशों ने एक निजी मिल्क डेयरी के दो अफसरों को सरेराह तमंचे के बल पर रोक 15 हजार कैश लूट लिया। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने एक बदमाश को दबोच लिया।
इस पर दूसरा बदमाश फायर करते हुए भाग निकला। बदमाश को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। दूसरे की तलाश की जा रही है।
हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र के सेखवांपुर निवासी सर्वेंद्र सिंह एक निजी मिल्क डेयरी में एरिया ऑफीसर हैं। वह अपने ही जिले के इसी कंपनी के फील्ड सुपरवाइजर सौरभ सिंह के साथ मंगलवार देर रात बाइक से बिसवां जा रहे थे।
जब वे सांडा-बिसवां मार्ग पर अहमदाबाद गांव के करीब पहुंचे, तभी पैदल खड़े दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर दोनों को रोक लिया। बदमाशों ने बाइक सवारों से लूटपाट शुरू कर दी। 15 हजार नकदी लूट ली।
इस दौरान चाकू लिए बदमाश को सर्वेंद्र सिंह ने पकड़ लिया और शोर मचा दिया। इतने में सौरभ ने दूसरे बदमाश को पकड़ने की कोशिश की। शोर सुनकर ग्रामीण ललकारते हुए घटनास्थल की ओर दौड़े।
लोगों को आता देखकर एक बदमाश फायर करते हुए भाग निकला। एक बदमाश के पास से चाकू व टार्च बरामद हुआ है। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बदमाशों पर दर्ज हैं कई केस
पुलिस ने उसकी पहचान सदरपुर इलाके के हाजीपुर गोसाईपुर गांव निवासी रामसिंह उर्फ सिंगार के रूप में की है। दबोचे गए आरोपी ने अपने भागे हुए साथी का नाम सदरपुर इलाके के ही एक गांव निवासी रामसागर बताया है।
दोनों आरोपी शातिर बदमाश बताए जा रहे हैं। इन पर कई आपराधिक केस दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि भागे हुए आरोपी की तलाश की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।