लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में बाइक सवार दंपती को बदमाशों ने रोक लिया और बंधक बनाकर गहने-नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
बाराबंकी जिले के थाना बदोसरांय निवासी हरेराम की दो मार्च को ही शादी हुई थी। बताया जाता है कि विवाहिता नेहा के पिता विश्वनाथ की तबियत ठीक नहीं है। बीमार पिता को देखने के लिए वह शुक्रवार को अपने पति के साथ बाइक से मायके रघुनाथपुर जा रही थी। इस बीच लहरपुर इलाके में रघुनाथपुर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने दंपती को रोक लिया। इसके बाद लुटेरों ने दंपती से दो हजार की नकदी, जेवरात व मोबाइल आदि सामान लूट लिया।
लूटपाट का विरोध करने पर बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। इंस्पेक्टर लहरपुर अनिल पांडेय ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।