सीतापुर। नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत साक्षरता परीक्षा 20 सितंबर को लोक शिक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें 15 वर्ष से अधिक आयु के लोग शामिल होंगे। परीक्षा में पास होने पर उन्हें साक्षरता का प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इसे लेकर शासन ने बीएसए को तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।
केंद्र सरकार की तरफ से नव भारत साक्षरता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत प्रौढ़ को साक्षर बनाया जा रहा है। इसके लिए वर्ष में दो बार साक्षरता परीक्षा आयोजित की जाती है। यह परीक्षा प्राथमिक विद्यालयों में होती है। इसमें 15 साल से अधिक उम्र के लोग शामिल होते हैं।
परीक्षा में पास होने पर साक्षरता का प्रमाणपत्र दिया जाता है। यह परीक्षा सुबह 10 से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा कराने की जिम्मेदारी बेसिक शिक्षा विभाग को दी गई है।
बीएसए को निर्देश दिए गए हैं कि वह परीक्षा को लेकर अपनी तैयारी पूरी कर लें। बीईओ सहित जिला समन्वयक परीक्षा का निरीक्षण करें। बेहतर तरीके से प्रत्येक केंद्र पर परीक्षा कराया जाना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
-
शिक्षक करेंगे मूल्यांकन
साक्षरता परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन स्कूल के शिक्षक करेंगे। वह स्कूल समय में मूल्यांकन करके बीईओ को रिपोर्ट करेंगे। इसके बाद शासन स्तर पर मूल्यांकन शीट भेजी जाएगी। इसके बाद प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे।
-
बेहतर तरीके से होगी परीक्षा
परीक्षा कराए जाने को लेकर शासन से पत्र मिला है। सभी बीईओ को समय से बेहतर तरीके से परीक्षा कराए जाने के निर्देश दे दिए गए हैं।
-डॉ. गोरखनाथ पटेल, बीएसए