सीतापुर। जिले में 2386 मतदान केंद्रों के तहत 3820 बूथों की प्रस्तावित सूची का सोमवार को आलेख्य प्रकाशन किया गया। सूची को लेकर किसी को आपत्ति या सुझाव देना है तो वह 25 अक्तूबर तक संबंधित अधिकारी के कार्यालय में लिखित रूप से दर्ज करा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जिले के महोली, सीतापुर, हरगांव, लहरपुर, बिसवां, सेवता, महमूदाबाद, सिधौली और मिश्रिख विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों की सूची प्रकाशित की गई है। जिले में कुल 2386 मतदान केंद्र हैं, जिनके तहत 3820 बूथ बनाए गए हैं। मतदान केंद्रों की प्रस्तावित सूची को लेकर आपत्ति या सुझाव देने के लिए 25 अक्तूबर तक का समय दिया गया है। इच्छुक लोग संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के तहसील कार्यालय में लिखित रूप से अपनी आपत्ति या सुझाव दे सकते हैं।
तय समय में मिलने वाली आपत्तियों और सुझावों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा। मतदान केंद्रों की सूची जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी। लोग सूची देखकर अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र और बूथ से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे उन्हें अपने मतदान स्थल के बारे में जानकारी हासिल करने में आसानी होगी। प्रशासन की ओर से सूची का प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोग समय रहते सूची देख सकें और जरूरत पड़ने पर अपनी आपत्ति या सुझाव दर्ज करा सकें।