सीतापुर। आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर 180 लीटर अवैध शराब व शराब बनाने की एक भट्ठी पकड़ी है।
सकरन पुलिस ने शेखनापुर से हरिलाल को 10 लीटर शराब के साथ दबोचा है। इमलिया सुल्तानपुर पुलिस ने थवाई गांव के विनीत को दस लीटर, नैमिषारण्य पुलिस ने क्षेत्र के सिद्दीकपुर निवासी जानकी प्रसाद को दस लीटर शराब के साथ पकड़ा।
मछरेहटा पुलिस ने मिरचौड़ी के सुरेंद्र को 20 लीटर, रामकोट पुलिस ने क्षेत्र के नेरी कलां निवासी सुनील को 30 लीटर, पिसावां पुलिस ने खाजा डाबर निवासी शिवराम को 20 लीटर, बिसवां पुलिस ने कुम्हारनपुरवा निवासी संतू व संबारी को 20 लीटर अवैध कच्ची शराब व शराब भट्ठी के साथ पकड़ा है।
थानगांव पुलिस ने भवानीपुर निवासी मेवालाल को 20 लीटर, अटरिया पुलिस ने छोटारामपुर निवासी टुन्ना को 20 लीटर, संदना पुलिस ने छबीले को 20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ पकड़ा है। पुलिस का कहना है सभी को जेल रवाना कर दिया गया है।