सीतापुर। शहर में ट्रांसपोर्ट चौराहे के पास रविवार को फॉल्ट सही करते समय करंट लगने से लाइनमैन की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने जिला अस्पताल में हंगामा किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने लाइनमैन की पत्नी पत्नी को सरकारी नौकरी व मुआवजे की मांग की। एसडीओ ने आश्वासन देकर किसी तरह लोगों को शांत कराया।
एडीओ रवि कुमार ने बताया कि मोहल्ला बट्सगंज निवासी विजय कुमार (40) लाइनमैन हैं। दोपहर को वह ट्रांसपोर्ट चौराहे के सामने आई कंपोजिट फाल्ट को ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़े थे। ऐसी फाल्ट को ठीक करने के लिए तीन जगह से शटडाउन लिया जाता है। उन्होंने दो स्थानों से ही शटडाउन लिया था। करंट लगने से वह जमीन पर गिर गए। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और मौत हो गई।
जिला अस्पताल आए उनके साथियों की मानें तो सारे शटडाउन लिए गए थे। इसके बाद भी सप्लाई शुरू कर दी गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि विजय का विवाह वर्ष 2018 में हुआ था। उनकी कोई संतान नहीं थी। एडीओ रवि कुमार ने बताया कि संविदा लाइनमैन के तौर पर उनके परिजनों को करीब दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि दिलाई जाएगी। कागजी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।