हरगांव। हरगांव इलाके में बृहस्पतिवार को ट्रांसफार्मर पर चढ़कर फॉल्ट ठीक कर रहे संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि लाइनमैन बिना सुरक्षा उपकरणों के मरम्मत कर रहे थे। पावर कॉर्पोरेशन ने इस मामले में एसडीओ की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाई है।
पीलीभीत के रहने वाले प्रवेश शर्मा (26) काजी कमलापुर फीडर पर तैनात थे। बृहस्पतिवार को फॉल्ट की सूचना मिलने पर वह सुजौलापुर मजरा हैदरपुर गांव पहुंचे थे। गांव में लगे ट्रांसफार्मर पर चढ़कर वह फॉल्ट ठीक कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि इस दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से प्रवेश ट्रांसफार्मर से चिपक गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद भी शव ट्रांसफार्मर से चिपका रहा। ग्रामीणों ने अफसरों की सूचना दी। इसके बाद बिजलीकर्मियों की मदद से पुलिस ने शव को ट्रांसफार्मर से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अवर अभियंता अश्विनी वर्मा ने बताया कि फॉल्ट दुरुस्त करने के लिए शटडाउन लिया गया था या नहीं, इसकी वास्तविक स्थिति मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और बातचीत से स्पष्ट होगी। उन्होंने बताया कि संबंधित फीडर पर अर्जुन (टीजी-2) और विशाल शर्मा सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक तैनात थे। सहकर्मियों के अनुसार एक वर्ष पहले ही प्रवेश का विवाह हुआ था।