सीतापुर। पूर्वोत्तर रेलवे ने शहर के बिजवार रेलवे क्रॉसिंग पर हाइटगेज लगा दिए हैं। क्रॉसिंग के दोनों तरफ हाइटगेट लगने के बाद अब सिधौली-सीतापुर जंक्शन तक इलेक्ट्रिक लाइन की टेस्टिंग की जाएगी। इस लाइन में 25 हजार वोल्ट का करंट दौड़ाया जाएगा। लाइन टेस्टिंग का काम सोमवार को प्रस्तावित है। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही इस रूट पर इलेक्ट्रिक ट्रेनें फर्राटा भरेंगी। लोगों के लिए लखनऊ तक का सफर आसान होगा।
सीतापुर में दो रेलवे ट्रैक हैं। इनमें पूर्वोत्तर और उत्तर रेलवे शामिल है। उत्तर रेलवे का ट्रैक मीटर गेज से ब्रॉडगेज में पहले ही तब्दील हो चुका था। पूर्वोत्तर रेलवे का ऐशबाग वाया सीतापुर-लखीमपुर मीटर गेज ट्रैक को ब्रॉडगेज में बदला गया। इसके बाद इस रूट पर डीजल इंजन की ट्रेनें दौड़ाई जा रही हैं। इस रूट पर ट्रेनों की संख्या काफी कम है। आमान परिवर्तन के बाद रेलवे अब इस रूट का विद्युतीकरण कर रहा है।
ऐशबाग वाया सीतापुर होते हुए बरेली तक इस ट्रैक का विद्युतीकरण चार चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण में कार्यदायी संस्था कल्पतरु ने ऐशबाग-सीतापुर तक इलेक्ट्रिक लाइन बिछा दी है। यह कार्य पूरा होने के बाद अब लाइन की टेस्टिंग चल रही है। ऐशबाग-सिधौली तक इलेक्ट्रिक लाइन चेक हो गई है। इसी दौरान बिजवार क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण के दौरान ठेकेदारों ने वहां पर लगे रेलवे के हाइटगेज को काटकर फेंक दिया था।
इस वजह से रेलवे ने इस लाइन की टेस्टिंग कार्य को फिलहाल रोक दिया था। अब रेलवे ने क्रॉसिंग के दोनों तरफ हाइटगेट लगा दिए हैं। अब सिधौली- सीतापुर जंक्शन तक इलेक्ट्रिक लाइन में 25 हजार वोल्ट का करंट दौड़ाकर उसे चार्ज किया जाएगा।
बिजवार रेलवे क्रॉसिंग पर दोनों तरफ हाइटगेज लगा दिए गए हैं। यह कार्य पूरा होने के बाद अब सिधौली से सीतापुर जंक्शन तक इलेक्ट्रिक लाइन को चार्ज किया जाएगा। इस लाइन की टेस्टिंग का कार्य सोमवार को प्रस्तावित किया गया है।
- जगन्नाथ मिश्रा, प्रबंधक, रेल विकास निगम लिमिटेड।