मौसम के तेवर सोमवार को भी तलख रहे। समूचा जिला कोहरे की चादर में लिपटा रहा। शीतलहर ने जनजीवन प्रभावित किया। बदली की वजह से सूर्यदेव ने दिनभर दर्शन ही नहीं दिए।
इससे न्यूनतम पारा 10 डिग्री रिकार्ड किया गया। कड़ाके की ठंड के चलते ज्यादातर लोग घरों में कैद होकर रह गए और जाड़े से राहत के लिए अलाव का सहारा लिया। वहीं जरूरी काम से बाहर निकले।
सोमवार सुबह घने कोहरे ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर किया। साथ ही चली शीतलहर ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर तक कोहरा कम न होने से हाईवे पर वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। बदली व 7 किमी. प्रतिघंटे की स्पीड से चलने वाली सर्द हवा मुसीबतें बढ़ाती रहीं।
जानलेवा ठंड देख ज्यादातर लोग घरों से बाहर नहीं निकले। सर्दी से राहत पाने को लोगों ने अलाव का सहारा लिया। वहीं धूप खिलने की आस में हर कोई आसमान की ओर टकटकी लगाए रहा पर सूर्यदेव मेहरबान नहीं हुए। दोपहर ढलते ही फिर से कोहरा व सर्द हवा कहर ढाने लगी, जिससे ठिठुरन में एकाएक इजाफा हो गया।
ठंड का प्रकोप बढ़ता देख लोग कामकाज निपटाकर घरों की ओर रवाना होने लगे। शाम सात बजे के बाद अमूमन चहल-पहल वाला शहर का रोडवेज बस स्टॉप चौराहा, रेलवे स्टेशन, लालबाग चौराहा आदि जगहों पर सन्नाटा छाया था। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार को आर्द्रता 62 प्रतिशत दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
14 तक बंद रहेंगे सभी स्कूल व कॉलेज
कड़ाके की सर्दी को देखते हुए डीएम अमृत त्रिपाठी ने कक्षा एक से 12 तक जिले के सभी स्कूलों को 14 दिसंबर तक बंद रखने का निर्देश दिया। डीएम के मुताबिक सरकारी व गैर सरकारी सभी स्कूल व कॉलेज 14 तक बंद रहेंगे। आदेश न मानने वाले स्कूल प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई होगी।