सीतापुर में संदना के जगदीशपुर गांव में तेंदुए के पंजों का निशान दिखाते ग्रामीण।
- फोटो : SITAPUR
संदना (सीतापुर)। आदमखोर तेंदुए के हमले में शनिवार को एक अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस व वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पगचिह्नों की जांच की। टीम ने तेंदुआ होने की पुष्टि की है। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुआ पिछले कई माह से इलाके में मौजूद है।
संदना क्षेत्र के जगदीशपुर में रहने वाला मुर्तजा (52) पुत्र नूर मोहम्मद शनिवार की भोर साढ़े चार बजे शौच के लिए गांव के बाहर गया था। काफी देर बाद वापस नहीं आने पर परिजन उसकी तलाश करने लगे। कुछ दूर चलने पर मृतक का लोटा, डंडा, चप्पल पड़े मिले। गांव के उत्तर की तरफ किसी चीज के घसीटने व खून के निशान भी पाए गए। निशान का पीछा करते हुए ग्रामीण लालता के गन्ने के खेत में पंहुचे तो वहां मुर्तजा का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला।
तेंदुए का निवाला बनने के बाद शव बेहद खराब हालत में था। एसओ आरबी सुमन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग के एसडीओ एके मिश्रा, रेंजर मिश्रिख प्रदीप अवस्थी, फॉरेस्टर एसएन शुक्ला, सुनील त्रिपाठी की टीम ने पगचिह्नों की जांच के बाद तेंदुआ होने की पुष्टि की है। क्षेत्रीय विधायक रामकृष्ण भार्गव ने मौके पर पहुंच कर मृतक के परिजनों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
रेंजर मिश्रिख प्रदीप कुमार अवस्थी ने बताया कि क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर पिंजड़े लगाए गए है। तेंदुए की लोकेशन का पता लगा कर उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल ग्रामीण अकेले बिना लाठी-डंडा व समूह के खेतों व सुनसान जगहों पर न जाएं।