बेहटा। विकास खंड क्षेत्र के एक ग्रामीण से खतौनी संशोधन के नाम पर लेखपाल ने रिश्वत मांगी। पीड़ित ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। ग्राम पंचायत बेली गांव के मजरा कुरतहिया निवासी राम प्रसाद व ओम प्रकाश का खेत अगल-बगल है। इसकी गाटा संख्या 393 है। ओम प्रकाश को सम्मान निधि मिल रही है। ई केवाईसी करवाने में दिक्कत हो रही थी इसलिए दोनों भाई तहसील में अपना-अपना खाता अलग-अलग करवाने के लिए खतौनी में संशोधन कराना चाहते थे।
आरोप है कि इस काम के लिए ओम प्रकाश ने कानूनगो के मुंशी से संपर्क किया। मुंशी ने काम के बदले पांच हजार रुपये की मांग की। बताया कि लेखपाल की रिपोर्ट उनको खुद लगवानी पड़ेगी, शेष काम हो जाएगा। इसके बाद ओम प्रकाश अपने परिचित सुनील कुमार गिरि संग लेखपाल अनिरुद्ध पटेल के पास पहुंचे। उन्होंने बताया कि पहले कोर्ट में मुकदमा डाल कर संशोधन होता था। अब ऐसे ही हो जाता है।
कहा कि इस काम के लिए प्रति व्यक्ति एक हजार रुपये देने होंगे। यह भी बताया कि तहसील में अधिकारियों को पैसा देना पड़ता है। सुनील कुमार ने कहा कि लेखपाल साहब पैसा कुछ कम ले लो। इस पर लेखपाल अनिरुद्ध पटेल ने एक पैसा भी कम न लेने की बात कही। यह भी कहा कि प्रति आदमी एक हजार रुपये ही देना होगा। इसके बाद वह रिपोर्ट बना कर भेज देंगे। बताया कि आप अगर फ्री में करवा पाओ तो करवा लो। एसडीएम लहरपुर आकांक्षा गौतम ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।