महोली तहसील के चंदपुरवा निवासी रामपाल की धर्मपत्नी नीलम (30) बुधवार को अपनी जेठानी व पति के साथ मां ललिता देवी के दर्शन को नैमिष पहुंची। रामपाल ने बताया कि पहले सभी लोगों ने चक्रतीर्थ में स्नान किया।
इसके बाद मंदिर में पूरा परिवार पूजा कर रहा था कि इसी बीच नीलम ने ब्लेड से काटकर अपनी जीभ मंदिर में चढ़ा दी। पति रामपाल ने बताया कि नीलम उसकी दूसरी पत्नी है। पहली पत्नी से कोई संतान नहीं है। दूसरी शादी करने के बाद भी कोई संतान न होने से परिवार के लोग मायूस हो गए।
उसी दौरान मां ललिता देवी के दर्शन करने आए तो नीलम ने यह मनौती मानी थी, लेकिन किसी को बताया नहीं था। रामपाल ने बताया कि अब उसकी तीन संतानें हैं। दूसरी ओर पुजारियों का कहना है कि यह माता वैष्णव का रूप हैं। इसलिए यहां रक्त नहीं चढ़ाया जाता और न ही देवी स्वीकार करती हैं। यहां अमावस्या के मौके पर स्नान व दर्शन मात्र से ही मनोकामनाएं पूरी होती हैं।