लहरपुर में कबाड़ मंडी को कराया गया बंद। -संवाद
- फोटो : SITAPUR
लहरपुर/सीतापुर। लहरपुर कस्बे में चल रही कबाड़ बाजार को पुलिस ने बुधवार को बंद करा दिया। इससे कबाड़ व्यवसाय से जुड़े लोगों में खलबली मच गई। पुलिस ने कहा कि एक स्पेशल टीम पूरे कबाड़ बाजार की जांच करेगी। जांच के बाद ही व्यापारियों को कारोबार करने की अनुमति दी जाएगी।
क्षेत्र का बहुचर्चित कबाड़ व्यवसाय हमेशा सुर्खियों में रहता है। यहां का संचालित कबाड़ व्यापार कई राज्यों तक फैला हुआ है। इस बाजार में सभी प्रकार की गाड़ियों के कलपुर्जे लेने के लिए दूर-दूर से ग्राहक रोजाना लहरपुर आते हैं। इसके चलते लहरपुर का कबाड़ व्यवसाय काफी बदनाम हो गया है। कई बार चोरी की गाड़ियां भी बरामद हो चुकी है।
बुधवार को इस बाजार में अचानक पुलिस फोर्स पहुंचने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने कबाड़ बाजार को पूरी तरह से बंद करा दिया। अफसरों ने व्यापारियों को बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कबाड़ मंडी की जांच के लिए स्पेशल टीम का गठन किया जाएगा। यह टीम पूरे बाजार की जांच करेगी।
जांच में सही पाए जाने पर कबाड़ व्यापारी अपनी दुकानों को संचालित कर सकेंगे। तब तक कारोबार पर रोक लगा दी गई है। कोतवाली प्रभारी राजीव सिंह के नेतृत्व में अपराध निरीक्षक राम राघव सिंह, उप निरीक्षक श्यामदेव राम व पुलिस बल द्वारा कबाड़ मंडी पहुंचकर अगले आदेश तक दुकानों को बंद करवा दिया। इंस्पेक्टर ने बताया आदेश का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को देखकर कई व्यापार खुद ही दुकान बंद करके भाग निकले।