सीतापुर। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में सोमवार को तीन दिवसीय सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद बृजलाल ने किया। जिला प्रशासन और जिला खेल विभाग द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के पहले दिन सांसद ने गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता में होने वाले स्पर्धाओं की शुरुआत की। इस मौके पर स्कूली बच्चों ने विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां दी। इसके बाद मौजूद खिलाड़ियों ने भव्य मार्चपास्ट भी किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन 400 मीटर दौड़, बिट्टू दौड़, बोरा दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। सीनियर बालक वॉलीबाल प्रतियोगिता में लहरपुर और सीतापुर के बीच कड़ी टक्कर हुई। जिसमें लहरपुर प्रथम और द्वितीय स्थान पर सीतापुर रहा। जूनियर बालक में 400 मीटर दौड़ में महमूदाबाद के इमरान सलमानी प्रथम, सीतापुर के अभिषेक पांडेय द्वितीय व लहरपुर के दीपक कुमार ने तीसरा स्थान पर रहे।
इसी तरह से 100 मीटर दौड़ में सीतापुर के नीरज राज प्रथम, लहरपुर के राहुल द्वितीय व तृतीय स्थान पर बिसवां के अमन यादव रहे। 800 मीटर दौड़ में सीतापुर के ही फरहान रजा प्रथम, नैमिष कुमार द्वितीय और सुनील कुमार ने तीसरा स्थान पर रहे।
सब जूनियर बालिका 100 मीटर दौड़ में महमूदाबाद की वैष्णवी प्रथम, सीतापुर की गौरी द्वितीय व बिसवां की रूशदा फुरकान तीसरे पर रही। इसी तरह से बिट्टू दौड़ में सीतापुर के नीरज, इमरान ने पहला स्थान पाया। बोरा दौड़ में बिसवां की हिंना अंसारी प्रथम रही।
प्रतियोगिता में विजयी खिलाड़ियों को राज्यसभा सांसद ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर डीएम डाॅ. राजागणपति आर., भाजपा नेता मुनेंद्र अवस्थी, सीडीओ प्रणता ऐश्वर्या, डीआईओएस राजेंद्र सिंह, सीतापुर ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष सिंघानिया, जिला खेल कार्यालय एवं महमूदाबाद के प्रशिक्षक, जिला व्यायाम शिक्षक राज शर्मा, कोच सुरेंद्र सहित आदि उपस्थित रहे।