खैराबाद (सीतापुर)। इलाके के जमैयतपुर के मजरा नयागांव निवासी मजदूर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सोमवार को उसका शव घर से 40 मीटर दूर दूर स्थित प्लॉट के पास पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक की पत्नी, भाई व साले को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शक है कि परिजनों ने ही मजदूर की हत्या की है।
गांव निवासी मुस्तकीम उर्फ तकीन (35) का शव सोमवार भोर घर निकट एक प्लाॅट में सड़क किनारे पड़ा मिला। परिजनों ने यूपी 112 पर पुलिस को हत्या की सूचना दी। शव के शरीर पर धारदार हथियार और डंडे की चोट के निशान थे। जानकारी पाते ही एएसपी उत्तरी प्रकाश कुमार, सीओ सिटी अमन सिंह और थानाध्यक्ष खैराबाद अनिल सिंह मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी, भाई और साले से जब अलग-अलग बयान लिए तो उनमें अंतर पाया गया। एएसपी उत्तरी ने बताया कि तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
घर में मिला रक्तरंजित डंडा
थानाध्यक्ष अनिल सिंह को जब बयानों पर शक हुआ तो उन्होंने सबसे पहले घर की तलाशी लेनी शुरू कर दी। घर में उनको एक रक्त से सना हुआ डंडा मिला। इससे शक और भी ज्यादा गहरा हो गया है। मुस्तकीम पेशे से पल्लेदारी कर परिवार का भरण पोषण करते थे।
तो छज्जे से चोट लगने की बताई थी कहानी
पुलिस को आशंका है कि मुस्तकीम को पहले घर में डंडे से मारा गया। बेहोश हाेने पर ठेलिया पर लादकर सुनसान जगह पर लेकर गए। वहां धारदार हथियार से हत्या किए जाने के बाद शव को घर लेकर आया गया। शव को चारपाई पर डाल दिया गया। पत्नी ने लगभग चार बजे रोना पीटना शुरू कर पड़ोसियों के मोबाइल पर फोन किया, जब फोन नहीं उठा तो घर पर आवाज देकर बुलाया और कहा कि पति लघुशंका करने उठे थे। छज्जे से लड़ने के कारण चोट लग जाने से उनकी मौत हो गई। जानकारी के बाद कुछ परिवार के लोग जमैयतपुर से भी आए, लेकिन इस बीच फिर शव को घर के पास ही खेत में फेंक दिया गया।