सीतापुर। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या से कोविड अस्पताल भी अब फुल होने लगे हैं। एक माह पहले मरीजों से खाली हुए अस्पतालों में अब बेडों का अकाल पड़ता नजर आ रहा है। हम आपको डरा नहीं बल्कि स्वास्थ्य महकमे की व्यवस्थाओं और मौजूदा हालात से वाकिफ करा रहे हैं।
खैराबाद एल-2 के प्रभारी डॉ. रमाशंकर यादव का कहना है कि यहां पर कोरोना मरीजों के लिए 30 बेडों की व्यवस्था है। एक सप्ताह पहले बेड काफी खाली थे, लेकिन अब सिर्फ तीन बेड ही बचे हैं। वह भी देर रात मरीजों के आने के बाद फुल हो सकते हैं। बुधवार की देर रात तक एल-2 में 27 मरीज भर्ती थे।
बताया कि बुधवार को ही चार नए मरीज आए हैं। हालांकि उनका कहना है कि अभी जिले में कोरोना मरीजों के लिए बेडों का संकट नहीं है। यहां बेड फुल हो जाने पर मरीजों को जिला अस्पताल में बनाए गए एल-2 में भर्ती किया जाएगा। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनिल अग्रवाल ने बताया कि यहां बने एल-2 में 60 मरीजों के भर्ती होने की व्यवस्था है। 10 अप्रैल से ही एल-2 शुरू हुआ है। सात मरीज भर्ती हैं। जिला अस्पताल में अभी बेड की कोई समस्या नहीं है।