सिधौली/सीतापुर। सिधौली सीएचसी में तीसरी लहर की आशंका को लेकर जल्द ही कोविड अस्पताल शुरू हो जाएगा। यह 50 बेड का अस्पताल होगा। स्वास्थ्य विभाग ने बेड का इंतजाम कर लिया है। जल्द ही अन्य व्यवस्थाएं भी हो जाएंगी। इससे मरीजों को यहां पर भर्ती होकर इलाज कराने की सुविधा मिलेगी।
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सीएचसी सिधौली को एल-टू अस्पताल बनाने का निर्णय लिया था। यह अस्पताल 50 बेड का बनाया जाएगा। जिला अस्पताल में 80 बेड का एल-टू अस्पताल चल रहा है। सीएचसी खैराबाद में भी एल-टू अस्पताल में मरीजों को सेवाएं दी जा रही हैं। हिन्द अस्पताल में कोविड मरीज भर्ती किए जा रहे हैं।
इससे जिले में बेड की कोई कमी नहीं है। अब जब तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है तो जिला प्रशासन ने तेजी से तैयारियां करनी शुरू कर दी हैं। इसलिए सीएचसी में एल-टू अस्पताल जल्द शुरू करने की तैयारी शुरू हो गई है। यहां पर बेड के इंतजाम हो गए हैं। जल्द ही ऑक्सीजन सहित चिकित्सकों की तैनाती कर दी जाएगी, जिससे सिधौली इलाके के मरीजों को यहां पर भर्ती होने की सुविधा मिलेगी।
जिले की नोडल प्रभारी मिनिस्टी एस ने रविवार को निरीक्षण करके इसकी हकीकत परखी। सीएमओ डॉ. मधु गैरोला का कहना है तैयारियां पूर्ण हो गई है। जल्द ही इसे चालू कर दिया जाएगा।