तालगांव के दानियालपुर में मौके पर जांच करती फोरेंसिक टीम। संवाद
परसेंडी (सीतापुर)। तालगांव के दानियालपुर में मंगलवार को युवक ने ईंट से सिर कूंचकर पत्नी की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गया हालांकि पुलिस ने कुछ देर बाद ही उसको हिरासत में ले लिया। उससे घटना के कारणों की पूछताछ की जा रही है।
इलाके के दानियालपुर गांव निवासी मैहरजहां (40) का खून से लथपथ शव मंगलवार दाेपहर घर के अंदर खटिया पर पड़ा मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार किसी विवाद के बाद शाहिद ने ईंट से सिर कूंचकर पत्नी मैहरजहां की हत्या कर दी। मैहरजहां के माथे पर घाव का निशान भी देखा गया।
आरोपी ने ऐसा क्यों किया, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। शाहिद की मां का कहना है कि वह गांव में ही अपने अन्य पुत्रों के घर में रहती हैं। घटना से पहले वह घर आई थीं। मैहरजहां भी खटिया पर बैठी थीं। वह बकरी भगाने के लिए बाहर तक गईं तब तक शाहिद ने मैहर का सिर कूंच दिया।
जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम पहुंच गई। टीम ने मौके पर जाकर साक्ष्य जुटाए। मैहरजहां का मायका मानपुर के बखरिया में है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।