सीतापुर। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक जेठ के पांचवें व अंतिम बड़े मंगल पर उत्सव सरीखा माहौल रहा। बजरंगबली के दरबार में श्रद्धालुओं ने माथा टेका और पूजन-अर्चन किया। प्रमुख हनुमान मंदिरों में महावीर का विशेष चोला शृंगार किया गया। इस दौरान भंडारों की धूम रही जिनमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
बजरंगबली के पूजन-अर्चन में जेठ के मंगल का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि इस माह पड़ने वाले सभी मंगलवार को श्रद्धालुओं पर हनुमानजी महाराज की विशेष कृपा बरसती है। शहर के छोटा हनुमान मंदिर, बड़ा हनुमान मंदिर, आंख अस्पताल रोड स्थित हनुमान मंदिर, हनुमान मंदिर नैपालापुर, जंगलीनाथ मंदिर, हनुमान मंदिर परसदा आदि में बालाजी महराज का शृंगार करके चोला अर्पित किया गया। धूप-दीप अर्पित कर आरती उतारी गई। प्रसाद बांटा गया। इसके बाद देर रात तक मंदिरों में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा।
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने हनुमानजी की विधिवत पूजा-अर्चना व आरती कर भंडारे का शुभारंभ किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद में कढ़ी चावल वितरित कर सेवा का संदेश दिया। यहां एडीएम (वित्त एवं राजस्व) नीतीश कुमार सिंह, एडीएम (न्यायिक) खालिद अंजुम, नगर मजिस्ट्रेट कृष्णानंद तिवारी, आलोक मिश्रा, राम अवध वर्मा आदि मौजूद रहे।
आरएमपी कॉलेज परिसर स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में चोला शृंगार व सुंदरकांड पाठ के बाद भंडारा किया गया। नैपालापुर में अनूप विश्वकर्मा ने भंडारा किया। इसी क्रम में लालबाग, लोहारबाग, चुंगी चौराहे समेत जगह-जगह भंडारे आयोजित कर प्रसाद वितरित किया गया।
राष्ट्रीय सेवा परिषद द्वारा संचालित विधि परामर्श केंद्र की अध्यक्ष रेखा द्विवेदी ने मधुबन विहार स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में सुंदरकांड का पाठ व भंडारे का आयोजन किया। सेवता में विजय पोरवाल, राजकुमार, मनोज पोरवाल, चुन्नी नाग आदि ने भंडारा किया जिसमें छोला-चावल, पूड़ी-सब्जी व बूंदी वितरित की गई।
जहांगीराबाद के शिव मंदिर में नीरज गुप्ता व अखिलेश गुप्ता ने सभी के सहयोग से भंडारे में छोला-चावल व बूंदी बांटी। पंजाब नेशनल बैंक के निकट रामदुलारे पोरवाल के निवास पर पूड़ी-सब्जी व किवानी नदी के तट पर स्थित राधाकृष्ण आश्रम पर छोला-चावल का वितरण किया गया। वार्ड एक के बच्चों ने भंडारा कर प्रसाद वितरित किया।