लहरपुर। क्षेत्र के ग्राम कला बहादुरपुर में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ शनिवार देर शाम हुआ। कला बहादुरपुर की टीम ने टूर्नामेंट जीत लिया।
अनुज कनौजिया द्वारा आयोजित इस एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन करते हुए समाजसेवी रवि वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उन्होंने खेल भावना के साथ क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेने की अपील की।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रिखौना व कला बहादुरपुर की टीमों के बीच हुआ। रिखौना की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित पांच ओवरों में महज 18 रन ही बना सकी। कला बहादुरपुर की टीम ने तीन ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
विजेता टीम के खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि युवा सपा नेता अतुल वर्मा ने पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है। इस मौके पर अनुज गुप्ता, अनीत, धर्मेंद्र वर्मा, सुशील, प्रदीप वर्मा, छोटू, आलोक, पंकज, मिथुन कनौजिया, देवराज, विजय व लकी वर्मा आदि उपस्थित रहे।