सीतापुर। विदेश में नौकरी का सपना देखने वाले युवाओं के अच्छी खबर है। उन्हें जर्मनी, जापान, व इस्राइल में अब काम करने का मौका मिलेगा। बेरोजगार युवाओं के लिए उच्च वेतन के साथ रोजगार संगम पोर्टल पर नौकरी के अवसर उपलब्ध हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गौड़ ने बताया कि रोजगार संगम पोर्टल https://rojgaarsangam.up.gov.in पर विभिन्न पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके तहत जर्मनी, जापान, सउदी अरब और इस्राइल सरकार से करार के बाद सहायक नर्स, केयर टेकर, वेल्डर, मैकेनिकल के पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। साथ ही हेल्पर, टेक्नीशियन, प्लंबर सहित कई पदों पर नौकरी के लिए https://rojgaarsangam.up.gov.in/ वेबसाइट पर आवेदन किया जा सकता है।
इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए अंग्रेजी के साथ संबंधित देश की भाषा पर अच्छी पकड़ होनी चाहिए। अंग्रेजी व संबंधित देश की भाषा के लिए सेवायोजन निदेशालय द्वारा अलग से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। बताया कि आवेदन करने में किसी प्रकार की समस्या होने पर किसी भी कार्यदिवस में उनके कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। रोजगार संगम पोर्टल पर लाॅगिन कर विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
जर्मनी में 250, इस्राइल में पांच हजार पदों पर होंगी नियुक्तियां
केंद्र सरकार से करार के तहत जर्मनी में 250 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। इनमें नर्सिंग डिप्लोमा या बीएससी नर्सिंग, जीएनएम की डिग्री के साथ एक साल का अनुभव मांगा गया है। इन्हें अस्पतालों, विशेष क्लीनिकों, पुनर्वास केंद्रों और वृद्धों की देखभाल के लिए रखा जाएगा। इन्हें सप्ताह में पांच दिन व आठ घंटे प्रतिदिन नौकरी करनी होगी। इसके लिए 24 से 40 साल तक के युवा आवेदन कर सकते हैं। भारतीय मुद्रा में 2.30 लाख रुपये सैलरी मिलेगी। जापान में 50 युवक व युवतियों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इनमें केयरटेकर और केयर गिवर के लिए 20 से 27 साल तक के युवा आवेदन कर सकते हैं। कम से कम एक साल का अनुभव होना चाहिए। भारतीय मुद्रा में 1.17 लाख रुपये सैलरी दी जाएगी। वहीं, इस्राइल में केयर गिवर व पेशेंट केयर के लिए 5000 युवक व युवतियों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। 25 से 45 साल तक के युवा आवेदन कर सकते हैं। इन्हें भारतीय मुद्रा में 1.32 लाख रुपये सैलरी दी जाएगी। साथ ही सऊदी अरब में 150 से अधिक रिक्तियों के लिए आवेदन किया जा सकता है।