फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जितेंद्र ने संभाली विकास की कमान

Thu, 14 Jan 2016 11:44 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष समेत 61 सदस्यों ने पदीय शपथ ली। गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. इंद्रवीर सिंह यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र यादव को शपथ दिलाई।
विज्ञापन


बाद में अध्यक्ष ने सदस्यों को पदीय शपथ ग्रहण कराई। समारोह में नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने सदस्यों से एकजुटता बनाए रखने की गुजारिश की। साथ ही उन्होंने जिले के विकास के लिए सभी का सहयोग मांगा।

बाद में जिला पंचायत की पहली बैठक में समितियों के गठन को लेकर चर्चा की गई। समारोह में सांसद, विधायक, ब्लॉक प्रमुख समेत अधिसंख्य जिला स्तरीय अफसर नदारद रहे। वहीं विधायक रामपाल यादव व रामहेत भारती, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष नीरज वर्मा मौजूद रहे।
विज्ञापन


शाही शपथ ग्रहण समारोह पर फिरा पानी
विधायक रामपाल यादव ने अपने पुत्र को जिला पंचायत अध्यक्ष की कमान सौंपने के लिए भव्य इंतजाम किए थे। रायफल क्लब में शपथ ग्रहण का भव्य आयोजन किया गया था।

विधायक ने इसके लिए रायफल क्लब का शुल्क जमा कर उसकी बुकिंग भी कराई थी, लेकिन बुधवार शाम को चार विधायकों व जिलाध्यक्ष पर निलंबन की कार्रवाई से हरकत में आए प्रशासन ने शपथ ग्रहण के भव्य आयोजन पर रोक लगा दी।

बाद में जिला पंचायत के हाल में शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ। हालांकि विधायक की ओर बुक कराए गए रायफल क्लब में भोज का आयोजन किया गया।

आधे घंटे में निपटी पहली बैठक
जिला पंचायत की पहली बैठक में सदस्यों ने सभी अधिकार अध्यक्ष को सौंप दिए हैं। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी एमसी गोयल ने समितियों के गठन का प्रस्ताव रखा।

इस पर उपस्थित सदस्यों ने हाथ उठाकर सभी निर्णयों के लिए अध्यक्ष को अधिकृत कर दिया। वहीं राज्य वित्त आयोग की करीब 17 करोड़ रुपये की धनराशि को भी आवंटित कर विकास कार्य कराने को अध्यक्ष को ही अधिकृत किया गया।

रामपाल के सभी वाहनों पर लगा था सपा का झंडा
सपा ने भले ही बिसवां विधायक रामपाल यादव को पार्टी से बाहर कर दिया हो, लेकिन विधायक के काफिले में शामिल 7070 नंबर सीरीज की गाड़ियों पर समाजवार्दी का झंडा लहरा रहा था।

गुरुवार को शपथ ग्रहण में विधायक के सभी वाहनों पर सपा के झंडे लगे देखे गए। वहीं अध्यक्ष पद पर शपथ लेने के बाद जितेंद्र लालबत्ती लगे लग्जरी वाहन में बैठकर रवाना हो गए।

हम दबेंगे नहीं, मुंह तोड़ जवाब देंगे : रामपाल
जिला पंचायत के अफसर व कर्मी अभी तक बंधुआ मजदूर थे। आज जितेंद्र के शपथ के बाद यहां के अधिकारी व कर्मी स्वतंत्र हैं। यह बात विधायक रामपाल यादव ने जिला पंचायत की पहली बैठक में कही।

उन्होंने कहा मद में चूर कुछ लोग उन्हें दबाने व कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हम ऐसी कार्रवाईयों से दबेंगे नहीं बल्कि मुंह तोड़ जवाब देंगे। कहा शासन प्रशासन मेरे साथ हैं। उन्होंने एक शेर सुनाते हुए दर्द बयां किया कि- हम बावफा थे इसलिए नजरों से गिर गए शायद उन्हें तलाश किसी बेवफा की है।

बैठक में अधिकतर पदेन सदस्य रहे गैरहाजिर
जिला पंचायत बोर्ड में अध्यक्ष व सदस्यों के साथ ही पदेन सदस्य के रूप में जिले के सभी सांसद, विधायक, एमएलसी व ब्लॉक प्रमुख होते हैं।

गुरुवार को प्रथम बैठक में सपा से निष्कासित रामपाल यादव, बसपा विधायक रामहेत भारती के अलावा सभी पदेन सदस्य गैरहाजिर रहे। यही नहीं शपथ ग्रहण से भी जिले के दिग्गजों की अनुपस्थित चर्चा का विषय रही।
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें