बिजली विभाग के चेयरमैन ने मीटिंग में कम राजस्व मिलने पर जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सीतापुर। एकमुश्त समाधान योजना की समीक्षा में पिसावां व देवगवां उपकेंद्र की प्रगति खराब मिली। बिजली विभाग के चेयरमैन इससे बेहद खफा दिखे। उन्होंने इन दोनों उपकेंद्र के अवर अभियंताओं को फटकार लगाई। चेतावनी दी यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
बिजली विभाग के चेयरमैन डॉ. आशीष कुमार गोयल ने बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिजली विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इसमें मुख्य अभियंता विवेक अस्थाना, अधीक्षण अभियंता नंदलाल, अधिशाषी अभियंता दिलीप कुमार गुप्ता, रितेश आनंद सहित अवर अभियंता जुड़े थे। इस समय एकमुश्त समाधान योजना चल रही है। इसकी समीक्षा में पिसावां व देवगवां उपकेंद्र की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप नहीं थी।
चेयरमैन ने कहा अधिक से अधिक लोगों को इस योजना से जोड़ा जाए। इससे राजस्व भी बढ़ेगा और लोगों की समस्या भी दूर होगी। अवर अभियंताओं को एक सप्ताह का समय दिया। इस दौरान लक्ष्य के अनुरूप वसूली करने के निर्देश दिए।