रामपुर मथुरा (सीतापुर)। घर से मेंथा ऑयल लेने गए एक किसान की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले ने शनिवार को तूल पकड़ लिया। हिरासत में लिए गए तीन लोगों को छोड़ने से गुस्साए परिजनों ने लोगों के साथ मिलकर सड़क पर शव रखकर जमकर लगा दिया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामा बढ़ने की सूचना पर एसडीएम, सीओ समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। करीब दो घंटे तक जाम लगने से अफरातफरी का माहौल रहा।
थाना क्षेत्र के तुलसीपुर खरिका निवासी राजेंद्र शुक्ल (50) का खेत मरौचा निवासी पंडा उर्फ बेचेलाल ने ठेके पर ले रखा था। खेत में मेंथा की फसल लगी थी। शुक्रवार की सुबह पंडा ने फोन कर राजेन्द्र को अपने हिस्से का मेंथा ऑयल लेने के लिए घर बुलाया था। बताते हैं कि कुछ देर में तुतुहीपुर निवासी श्यामलाल चौहान भी मरौचा पहुंच गए थे। इसके बाद दोनों लोग तेल लेकर श्यामलाल चौहान के घर पर आ गए।
श्यामलाल घर से तुतुहीपुर तक आए, जहां से श्यामलाल का रिश्तेदार राजेन्द्र के घर से एक किमी. पहले ही उन्हें छोड़कर घर वालों को सूचना देकर बताया कि राजेंद्र बेहोश हो गए। उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों में राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। शुक्रवार रात शव घर पहुंचा। इसके बाद शनिवार को मृतक के परिजन और ग्रामीण भड़क गए।
लोगों का कहना था कि तहरीर में तीन लोगों पर शंका जाहिर करते हुए आरोप था, लेकिन रामपुर मथुुरा पुलिस ने तीनों लोगों को हिरासत में लेकर छोड़ दिया। इसी से मृतक के परिजन और लोग नाराज हो गए। शनिवार सुबह गुस्साए लोगों ने रामपुर मथुरा इलाके में महमूदाबाद-रामपुर मथुरा मार्ग पर खरिका गांव के पास बल्ली बांधकर शव को बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
सूचना पर एसडीएम महमूदाबाद, सीओ महमूदाबाद रविशंकर प्रसाद, एसओ थानगांव, सदरपुर, रामपुर मथुरा एसओ मौके पर पहुंचे। एसडीएम और सीओ ने जांच कराकर मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया। अफसरों के आश्वासन पर लोग मान गए और जाम खत्म कर दिया। करीब दो घंटे तक जाम लगने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी।
एसओ रामपुर मथुरा ओपी तिवारी ने बताया कि किसान की मौत के मामले में बिसरा प्रिजर्व किया गया है। बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ के बाद लोगों को छोड़े जाने से परिवार के लोग नाराज थे। कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत करा दिया गया है।
बेटे ने तीन के खिलाफ दी तहरीर
घटना को लेकर मृतक के बेटे अंकित ने रामपुर मथुरा पुलिस को दोबारा तहरीर दी है, जिसमें उसने तीन लोगों पर पिता को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
जहर खाने से मौत की पुष्टि
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों की माने तो जहर खाने से किसान की मौत की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। हालांकि, डॉक्टरों ने मामले में बिसरा प्रिजर्व कर लिया है। बिसरा रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।