महमूदाबाद (सीतापुर)। सदरपुर इलाके के अलनापुर गांव में मां के साथ ननिहाल गए दो साल के बच्चे की गुड़ बनाने वाली कढ़ाई में भरे पानी में डूबकर मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
महमूदाबाद क्षेत्र के मोहल्ला बेहटी निवासी रामदुलारे की पत्नी अपने मायके थाना सदरपुर के अलनापुर गांव गई थी। साथ में उसका दो साल का बेटा नंदू भी गया था। बताया जाता है कि रक्षाबंधन के दिन रामदुलारे अपनी पत्नी व बच्चे को लेने के लिए ससुराल गया था। इसके बाद वह ससुराल में ही रुक गया। बीते दिन दो साल का नंदू खेलते हुए घर के बाहर चला गया, जहां पर गुड़ बनाने वाली कढ़ाई लगी है।
कढ़ाई में बारिश का पानी भरा था। खेलने के दौरान मासूम कढ़ाई में गिर गया। इससे बच्चे की कढ़ाई में ही डूबकर मौत हो गई। कुछ देर बाद परिवारीजनों को नंदू की याद आई तो उसकी तलाश शुरू कर दी। खोजबीन के दौरान बच्चा कढ़ाई में मिला। परिवारीजन बच्चे को जीवित समझकर एक निजी अस्पताल में लेकर गए, लेकिन वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। सभी लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ननिहाल से लेकर मृतक के घर तक मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।