लहरपुर। ठठेरी टोला में मस्जिद के पास मुख्य मार्ग के मोड़ पर शनिवार को एक बाइक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके आठ माह के मासूम की मौत हो गई। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।
सकरन के जमलापुर गांव निवासी अनुज शुक्ल (35) शनिवार को अपनी पत्नी बिंदु कुमारी (34) व पुत्र गणेश (8 माह) के साथ बाइक से दवा लेने लहरपुर जा रहे थे। ठठेरी टोला में मस्जिद के पास मोड़ पर सामने से तेज रफ्तार में आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी भेजवाया। वहां डॉक्टरों ने गणेश को मृत घोषित कर दिया। अनुज शुक्ल और उनकी पत्नी बिंदु कुमारी का गंभीर अवस्था में इलाज हो रहा है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर भाग गया। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
छिन गईं परिवार की खुशियां
परिजनों ने बताया कि बिंदु कुमारी ने आठ माह पूर्व पुत्र को जन्म दिया था। घरवालों ने प्यार से उसका नाम गणेश रखा था। घर में खुशी का माहौल था। मगर शनिवार को हादसे में गणेश की मौत से परिवार की खुशियां छिन गईं।